गढ़वा में स्वतंत्रता सेनानी जेठन सिंह खरवार की प्रतिमा स्थापना की मांग तेज, BJP नेता ने भेजा पत्र

गढ़वा:–भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सूरज गुप्ता ने उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्यपाल संतोष गंगवार को एक पत्र भेज कर गढ़वा जिला मुख्यालय के चिनियां मोड पर पलामू के प्रथम सांसद व स्वतंत्रता सेनानी स्व जेठन सिंह खरवार की आदमकद प्रतिमा लगवाने की मांग की है।
श्री गुप्ता ने प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल को भेजे पत्र में लिखा है कि चिनियां प्रखंड के राजबांस गांव निवासी स्व जेठन सिंह जी ने आजादी के पहले अंग्रेजों से दो-दो हाथ कते हुए कई बार जेल गए तथा देश में जब पहली बार लोकसभा के चुनाव हुए तो पलामू संसदीय सीट से वे सांसद चुने गए थे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज में 1917 में जन्मे जेठन सिंह खरवार ने पिछड़ा,दलित आदिवासी-मूलवासी के हक अधिकार के लिए कई कार्य किये जिस कारण गरीबों के भावनाओं में वे आज भी जीवित है।भाजपा नेता ने पत्र में लिखा है कि 1980 में जेठन सिंह खरवार इस दुनिया से तो चले गए परन्तु उनके नाम को भी एक साजिश के तहत गुमनाम कर दिया गया। उन्होंने कहा है कि पलामू-गढ़वा के गरीब परिवार के लोग उनके विचार एवं कार्य को वर्तमान एवं भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत मानते हैं।भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती सह जनजातीय गौरव दिवस जब देश मनाएगा तो पलामू गढ़वा के लाखों लोगों की भावना में जेठन सिंह खरवार जरूर याद आएंगे इसलिए जिला मुख्यालय गढ़वा के चिनिया मोड पर जेठन सिंह खरवार की आदम कद प्रतिमा लगाने का अनुरोध करता हूं।