बसिया प्रखंड में अंचल दिवस का सफल आयोजन, अधिकांश आवेदनों का ऑन स्पॉट निष्पादन
बसिया प्रखंड में अंचल दिवस का सफल आयोजन, अधिकांश आवेदनों का ऑन स्पॉट निष्पादन
गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रत्येक शनिवार को आयोजित किए जा रहे अंचल दिवस के अंतर्गत आज बसिया प्रखंड में प्रथम चरण के अंतिम अंचल दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, परिवारिक सदस्यता, भूमि विवाद, एनसी-2 सुधार, दाखिल-खारिज, कृषि ऋण, प्राकृतिक आपदा, परिहार एवं अन्य विविध श्रेणियों के आवेदन सम्मिलित रहे। प्राप्त आवेदनों में से 119 का ऑन स्पॉट निष्पादन कर लाभार्थियों को आदेश निर्गत किए गए, वहीं 4 मामलों में आदेश की प्रतिलिपि भी आवेदकों को प्रदान की गई।
अंचल दिवस के दौरान प्राप्त प्रमुख आवेदनों में जाति प्रमाण पत्र के 25, आय प्रमाण पत्र के 30 तथा आवासीय प्रमाण पत्र के 23 आवेदन शामिल रहे, जिन सभी का त्वरित निष्पादन किया गया। वहीं एनसी-2 सुधार से संबंधित 25 आवेदनों में से 11 का, तथा दाखिल-खारिज के 25 आवेदनों में से 14 का निष्पादन किया गया। विविध श्रेणी में प्राप्त 12 आवेदनों का भी समाधान किया गया। इस प्रकार, अंचल दिवस में प्राप्त अधिकांश आवेदनों का निस्तारण ऑन स्पॉट सुनिश्चित किया गया तथा शेष लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई की जा रही है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता गुमला, बसिया अनुमंडल पदाधिकारी, DCLR बसिया, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि पिछले कुछ माह से गुमला जिले के प्रत्येक प्रखंड में हर शनिवार को अंचल दिवस का आयोजन किया जा रहा है। आज बसिया प्रखंड में प्रथम चरण का अंतिम अंचल दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपायुक्त के निर्देशानुसार अगले चरण के अंचल दिवस का आयोजन दीपावली के बाद पुनः आरंभ किया जाएगा।

