“मेदिनीनगर में आजसू ने गांधी-शास्त्री जयंती पर दी श्रद्धांजलि, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प”
सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र के कल्याण को समर्पित थें महात्मा गांधी : चंद्रशेखर सिंह छोटू
आजसू पार्टी ने मनाई महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती
मेदिनीनगर (पलामू) : मोहनदास करमचंद गांधीजी ने हमें सिखाया कि सच्चाई व अहिंसा के रास्ते पर चलकर कई परिवर्तन लाये जा सकते हैं। बिना हथियार उठाये उन्होंने सत्याग्रह व शांतिपूर्ण आंदोलनों जैसे चंपारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन, दांडी यात्रा, व भारत छोड़ो आंदोलन का प्रतिनिधित्व किया। वे भारत देश के महान नायक थे। उक्त बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव चंद्रशेखर सिंह छोटू ने कही। वे गुरुवार 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्थानीय टाउन हॉल स्थित गांधी वाटिका में बोल रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। चंद्रशेखर सिंह छोटू ने कहा कि नैतिकता व सदाचार में गांधी जी का अटूट विश्वास था। इसका उन्होंने आजीवन पालन किया। जन समुदाय को भी उस मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। एक स्वावलंबी, आत्मनिर्भर व शिक्षित भारत के निर्माण के लिए उन्होंने चरखा चलाकर आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। अपने आचरण व उपदेशों के माध्यम से वे सदैव श्रम की गरिमा को प्रतिष्ठित करते रहे। उनके जीवन-मूल्य आज भी प्रासंगिक है व भविष्य में भी बने रहेंगे। आइए, गांधी जयंती के इस शुभ अवसर पर हम सब यह संकल्प लें कि हम सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र के कल्याण और प्रगति के लिए समर्पित रहेंगे और एक स्वच्छ, समर्थ, सशक्त व समृद्ध भारत का निर्माण करके गांधी जी के सपनों को साकार करेंगे।
मौके पर चंद्रशेखर सिंह छोटू ने लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद किया। कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने जय किसान, जय जवान का नारा दिया था। अनाजों की कीमतों में कटौती, भारत-पाकिस्तान की लड़ाई में सेना को खुली छूट देना, ताशकंद समझौता जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाते में उनकी मृत्यु ताशकंद में रहस्यमयी तरीके से हो गई। लाल बहादुर शास्त्री अपने देश के लिए बलिदान व सच्ची देश भक्ति के लिए सदैव जाने जाएंगे। वे कहा करते थे- देश की तरक्की के लिए हमें आपस में लड़़ने के बजाए गरीबी, बीमारी व अज्ञानता से लड़ना होगा। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
मौके पर आजसू पार्टी के पलामू जिला उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, संगठन सचिव शिव शंकर प्रसाद, पार्टी नेता राजीव पांडे उर्फ राजू, बबलू डोगरा, सुजीत तिवारी, रणजीत सिंह, रंजय ठाकुर, छोटू खान, शैलेश मिश्र व रंजीत साव आदि मौजूद थे।

