मूसलधार बारिश में भी भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन, अन्नपूर्णा देवी ने हेमंत सरकार को घेरा
मूसलधार बारिश में भी भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन, अन्नपूर्णा देवी ने हेमंत सरकार को घेरा
गिरिडीह जिला के बेंगाबाद प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने प्रखंड स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन किया। तेज मूसलधार बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। कार्यकर्ताओं का कहना था कि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की हेमंत सरकार पूरी तरह से जनविरोधी साबित हो रही है और जनता अब जवाब मांग रही है।
आक्रोश प्रदर्शन का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है। भ्रष्टाचार और कालाबाजारी चरम पर है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी नेता स्व. सूर्या हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच केवल सीबीआई से ही संभव है। साथ ही नगड़ी (रांची) में किसानों और आदिवासियों की जमीन को बचाने की लड़ाई में भाजपा हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर यह सरकार पूरी तरह असंवेदनशील है। विकास योजनाएं ठप हैं, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार मंहगाई से त्रस्त हैं, जबकि सत्ता में बैठे लोग घोटालों में व्यस्त हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी और जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।
प्रदर्शन में बेंगाबाद प्रखंड के छोटकी खारगडीहा मंडल अध्यक्ष रघुनंदन कुशवाहा, महेंद्र वर्मा, दिलीप वर्मा, रंजीत मरांडी, शिवपूजन राम, संदीप कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। बारिश के बावजूद ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण रहा।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि हेमंत सरकार ने जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया तो आने वाले समय में और भी बड़े आंदोलन खड़े किए जाएंगे। उनका कहना था कि अब जनता का आक्रोश हेमंत सरकार को जवाब देने पर मजबूर।

