शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग को लेकर पैदल यात्रा पर निकले उत्तम यादव
ओरमांझी। राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव अपने साथ पदाधिकारी शैलेश नंद तिवारी, उमेश साहू, नितेश वर्मा, दुर्गा चरण सावन लिंडा, सोनू गुप्ता, रामप्रवेश गुप्ता, रोहित यादव और छोटू बेदिया के साथ स्वर्गीय शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग को लेकर पैदल यात्रा पर निकले। यात्रा के क्रम में वे 5, 6 और 7 सितंबर को रांची प्रवास पर हैं।
इस दौरान वे रांची स्थित शिबू सोरेन आवास पहुँचे, उसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे तथा अंत में राजभवन जाकर राज्यपाल को भारत रत्न सम्मान दिलाने की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपेंगे।
यात्रा के दौरान 6 सितंबर की रात वे ओरमांझी पंचायत भवन में रुके, जहाँ मुखिया संघ के अध्यक्ष दीपक बढ़ाइक ने उनका स्वागत किया और पंचायत भवन से विदाई दी।
मुखिया संघ अध्यक्ष दीपक बढ़ाइक ने कहा, “झारखंड की अस्मिता और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए शिबू सोरेन का योगदान ऐतिहासिक है। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना न केवल उनके संघर्षों की पहचान होगी बल्कि पूरे राज्य के गौरव का प्रतीक भी बनेगा।”
गौरतलब है कि शिबू सोरेन, जिन्हें “गुरुजी” के नाम से जाना जाता है, झारखंड आंदोलन के प्रखर सेनानी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक रहे। उन्होंने आदिवासी समाज, जल-जंगल-जमीन और राज्य की पहचान के लिए दशकों तक संघर्ष किया। कई बार झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके शिबू सोरेन ने संसद में भी राज्य और समाज के हितों की आवाज बुलंद की।
इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित थे—मुखिया दीपक बढ़ाइक, ग्राम प्रधान दीनदयाल लोहार, वार्ड सदस्य सत्यम कुशवाहा, समाजसेवी बबलू रंजन करमाली, उत्तम करमाली, टुनटुन साहू, उमेश बढ़ाइक, रोशन बढ़ाइक, जोगेंद्र मुंडा, भीम मुंडा, किरण देवी, मुन्नी देवी, रिंकी देवी एवं प्रीतम करमाली।

