गढ़वा : परसाहा मोड़ के पास युवक-युवती का शव मिलने से सनसनी, घटनास्थल से पिस्तौल व चाकू बरामद
गढ़वा : परसाहा मोड़ के पास युवक-युवती का शव मिलने से सनसनी, घटनास्थल से पिस्तौल व चाकू बरामद
गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाहा मोड़ के समीप शनिवार की सुबह एक युवक एवं एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना स्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल और चाकू भी बरामद किया है। दोनों शव लावारिस हालत में सड़क किनारे पड़े हुए थे।
सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों की पहचान कराने का प्रयास किया। हालांकि प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
बाद में मृतका के परिजन गढ़वा थाना पहुंचे और शवों की पहचान की। मृत युवक की पहचान पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरटांड़ गांव निवासी सुमित कुमार (26 वर्ष) तथा युवती की पहचान पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के सगालिम गांव निवासी कृति कुमारी (24 वर्ष) के रूप में हुई।
मृतका के पिता ने सुनाया घटनाक्रम
मृतका के पिता शिवनाथ राम ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री पिछले एक माह से मायके में रह रही थी। शुक्रवार की दोपहर वह घर से यह कहकर निकली थी कि उसे राशन लेना है। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने फोन पर जानकारी ली। उस समय कृति ने परिजनों को बताया कि वह आज घर नहीं लौटेगी, क्योंकि उसके ससुराल में किसी की तबीयत खराब है। उसने कहा कि वह अगले दिन घर लौटेगी।
लेकिन देर रात करीब 1 बजे अचानक सूचना मिली कि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल है। बताया गया कि उस पर चाकू से हमला हुआ है और उसके साथ मौजूद युवक ने खुद को गोली मार ली है। सूचना मिलने के बाद परिवार घबराया और तुरंत अस्पताल जाने की तैयारी करने लगा। लेकिन इसी बीच पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शव बरामद कर लिए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटनास्थल से बरामद पिस्तौल और चाकू को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से यह मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
गढ़वा थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक ने खुद को गोली मारी या फिर दोनों की हत्या की गई है।
इलाके में फैली सनसनी
युवक और युवती का शव एक साथ मिलने से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। घटना के बाद मृतका और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

