दिशोम गुरु’ के निधन पर झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा और मानवाधिकार मिशन ने जताया गहरा शोक, कहा – यह झारखंड की आत्मा को लगी चोट है

बोकारो:- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। इस बीच झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं मानवाधिकार मिशन के जिलाध्यक्ष किरण चंद्र बाउरी ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।

उन्होंने कहा, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जाना केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व का अंत नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा को लगी गहरी चोट है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। यह झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई असंभव है।”

किरण चंद्र बाउरी ने दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि झामुमो कार्यकर्ता दिशोम गुरु के दिखाए मार्ग पर चलकर उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए संकल्पित हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शोकाकुल परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिवार को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें।

दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि…

झारखंड की राजनीति और समाज को दिशा देने वाले शिबू सोरेन का जाना युगांत जैसा है। उनकी विचारधारा और संघर्षशीलता सदैव स्मरणीय रहेगी।

You may have missed