रामगढ़ प्रखंड के नावा में पेयजल की अधूरी योजना होगी अब पूर्ण : –चंद्रशेखर सिंह छोटू
रामगढ़ प्रखंड के नावा में पेयजल की अधूरी योजना होगी अब पूर्ण : चंद्रशेखर सिंह छोटू
कार्यपालक अभियंता रामेश्वर गुप्ता ने चंद्रशेखर सिंह छोटू को दिया आश्वासन
एक सप्ताह के अंदर कार्य होगा पूर्ण : कार्यपालक अभियंता
मेदिनीनगर (पलामू) : चैनपुर के निकटवर्ती रामगढ़ प्रखंड के नावा चरघरवा टोला में पेयजल की अधूरी योजना अब पूर्ण होगी। योजना पूर्ण होने से लगभग 40 घरों में पेयजल आपूर्ति संभव हो सकेगी। उक्त बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय समिति सदस्य चंद्रशेखर सिंह छोटू ने कही। कहा कि वे पिछले 4 अगस्त को रामगढ़ प्रखंड के चोरहट पंचायत स्थित नावा चरघरवा टोला गांव में जनसंपर्क किया था। जनसंपर्क के दौरान अर्ध निर्मित सौर ऊर्जा संचालित जलापूर्ति योजना को अधूरा पाया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उनसे की थी। कहा कि वे ग्रामीणों को आस्वस्त किए थे कि वे प्रयास करते हैं कि अधूरी पड़ी योजना को चालू कराया जा सके। कहा कि वे 24 अगस्त को पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता रामेश्वर गुप्ता से मिलकर गांव की स्थिति व योजना अधूरी होने की पूरी जानकारी दी। साथ ही योजना को हर हाल में पूर्ण कराने का आग्रह किया। कार्यपालक अभियंता से कहा था कि चरघरवा टोला पर अर्ध निर्मित सौर ऊर्जा संचालित एकल जलापूर्ति योजना अधूरी पड़ी है। गांव में पेयजल की भारी किल्लत है। ग्रामीणों को पेयजल नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। योजना पूर्ण की निश्चित समय सीमा समाप्त हो गई है। यह भ्रष्टाचार के गंभीर संकेत हैं। कार्यपालक अभियंता ने चंद्रशेखर सिंह छोटू से कहा था कि वे इसकी जांच कराएंगे। साथ ही इस पर निर्णय लेंगे। चंद्रशेखर सिंह छोटू ने बताया कि कार्यपालक अभियंता ने गुरुवार को दूरभाष पर बात करते हुए आस्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। ग्रामीण इसका लाभ ले सकेंगे।
