संदिग्ध हालत में मिला सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल का शव

0
Untitled

पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ है. प्रिंसिपल का घर स्कूल से कुछ ही दूरी पर स्थित है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की जांच कर रही है.

दरअसल, छतरपुर थाना क्षेत्र के तेलारी पंचायत के नव प्राथमिक विद्यालय चुरवाही के प्रभारी प्रिंसिपल जीतन सिंह प्रतिदिन स्कूल में ही सोते थे. उनका घर स्कूल से कुछ दूरी पर था जबकि स्कूल के बगल में उनका खेत भी है. जीतन सिंह अपने खेत की रखवाली करने के लिए रात में स्कूल में ही सोते थे.

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार की रात जीतन सिंह खाना खाने के बाद स्कूल में सोने चले गए. पीछे से उनकी पत्नी वहां गईं तो देखा कि वे वहां नहीं हैं. काफी देर तक इंतजार करने के बाद पत्नी स्कूल में ही सो गईं. सुबह जब पत्नी उठीं तो देखा कि जीतन सिंह का शव स्कूल में संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ है. पत्नी के रोने और चीखने की आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि जतन सिंह का शव रस्सी के सहारे टंगा है.

घटना की सूचना पाकर छतरपुर थाना प्रभारी राजेश रंजन मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रिंसिपल का शव स्कूल के बरामदे में पड़ा हुआ था. उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल और उनकी पत्नी प्रतिदिन स्कूल में ही सोते थे. फिलहाल मामले की जांच चल रही है. परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *