जीपीपीएफटी फोरम के निर्माण से पंचायतों का होगा सर्वांगिक विकास—-कमल मिश्रा
जीपीपीएफटी फोरम के निर्माण से पंचायतों का होगा सर्वांगिक विकास: कमल मिश्रा
गढ़वा:-गढ़वा प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार नरेंद्र की अध्यक्षता में पिरामल फाउंडेशन द्वारा ग्राम पंचायतों को सुदृढ़ करने हेतु प्रखंड के सभी मुखिया, सचिवों के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस बैठक में प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियो ने भी भाग लिया। उक्त बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के इंडिकेटर का समीक्षा और बेहतर करने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा किया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से सभी ग्राम पंचायतों में जीपीडीपी को बेहतर रणनीति बनाकर उसका क्रियान्वयन करने के उद्देश्य से जीपीपीएफटी फोरम के गठन की बात की गई, जिसमे मुखिया के अध्यक्षता में सभी वार्ड मेंबर, पूर्व जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य एवं आंगनवाड़ी सदस्य, शिक्षा विभाग के सदस्य, स्वयं सहायता समूह एवं युवाओ को शामिल करने की बात की गई। बैठक में इस फोरम को प्रत्येक महीने कराने पर बल दिया गया । कार्यक्रम प्रबंधक कमल मिश्रा ने कहा कि जीपीपीएफटी फोरम के गठन से पंचायतों की समस्याओं के निराकरण में तेजी आएगी। सभी पंचायत में 06 से 14 साल के बच्चो का स्कूल/आंगनवाड़ी में शत प्रतिशत नामांकन हेतु जीरो ड्रॉपआउट पंचायत मिशन के संकल्प को भी दोहराया गया। तथा समृद्धि प्रोजेक्ट के तहत् सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना और प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के बारे में बताया गया।
इसके अलावा 10 फ़रवरी से चलने वाले एमडीए प्रोग्राम अंतर्गत फ़ाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को पंचायत में बृहत रूप से जनजागरूकता फैलाने के लिए सभी मुखियाओं को आह्वान किया गया। साथ ही साथ निपुण भारत मिशन और बच्चो की भाषाई क्षमता में वृद्धि और बुनियादी शिक्षा को मज़बूत करने हेतु रीड अलोंग ऐप को प्रयोग में लाने पर चर्चा की गई। पिरामल फाउंडेशन की टीम बैठक को सफल बनाने में अपनी सहभागिता दी। बैठक में प्रखण्ड से जीसेलपीएस बीपीएम नाज़िर समेत प्रखंड के सभी मुखिया एवं सचिव समेत कुल 35 लोग उपस्थित थे।
