विश्व आदिवासी दिवस पर पलामू में प्रभात फेरी, बिरसा मुंडा-शिबू सोरेन की वेशभूषा ने खींचा ध्यान
पलामू। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से रविवार को प्रभात फेरी निकाली गई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों तक आदिवासी समाज की समृद्ध कला-संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास का संदेश पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आदिवासी विरासत के संरक्षण और संवर्धन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता को जरूरी बताया।
🎭 झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान
प्रभात फेरी में संत मरियम स्कूल और ग्रीन वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने बिरसा मुंडा, शिबू सोरेन, राजा मेदिनी राय और नीलांबर-पीतांबर जैसे ऐतिहासिक एवं प्रमुख व्यक्तित्वों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को प्रदर्शित किया।
विशेष रूप से बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन की वेशभूषा में विद्यार्थियों की प्रस्तुति लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। छात्र-छात्राओं ने अभिनय के माध्यम से झारखंड के इतिहास और आदिवासी समाज के संघर्ष को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रभात फेरी से पहले संत मरियम स्कूल की छात्राओं ने नृत्य निर्देशक सुजीत कुमार के निर्देशन में मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, डीसीएलआर प्यारे लाल, एपीआरओ अजित कुमार समेत जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग मौजूद रहे।

