विद्यालय से निकल तालाब में नहाने गया दूसरी कक्षा का छात्र, डूबने से मौत; परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा

विद्यालय से निकल तालाब में नहाने गया दूसरी कक्षा का छात्र, डूबने से मौत; परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा

गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ तालाब में नहाने के दौरान दूसरी कक्षा के आठ वर्षीय छात्र फरहान अंसारी की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

मृतक फरहान अंसारी झगरी निवासी कलीम अंसारी का पुत्र था और झगरी उत्क्रमित विद्यालय में दूसरी कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि कक्षा में अपना बैग रखने के बाद वह दो अन्य बच्चों के साथ विद्यालय से निकलकर अंबाटांड़ तालाब में नहाने चला गया। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने उसे तालाब से बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण झगरी उत्क्रमित विद्यालय पहुंच गए और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। उनका आरोप था कि विद्यालय में समय पर प्रार्थना सभा और उपस्थिति दर्ज नहीं होने तथा बच्चों की निगरानी में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना था कि यदि विद्यालय प्रशासन बच्चों पर उचित निगरानी रखता तो यह घटना टाली जा सकती थी।

इधर, विद्यालय की शिक्षिका फरीदा खातून ने बताया कि घटना के समय विद्यालय में वह अकेली शिक्षिका थीं, जबकि अन्य शिक्षक अवकाश पर थे। उनके अनुसार फरहान बिना किसी को बताए विद्यालय से बाहर निकल गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने भी आवश्यक कार्रवाई की।

सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।