विधायक प्रतिनिधि के निरीक्षण में मोहलनिया टांड़ उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में अनियमितता उजागर

स्कूली बच्चों को पिछले कई दिनों से नहीं मिल रहा है एमडीएम, शिक्षिका के मनमानी से लोग परेशान

फोटो : स्कूल का निरीक्षण करते विधायक के जिला प्रतिनिधि

पांकी प्रखंड के होटाई के मोहलनिया टांड़ उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को एमडीएम से वंचित रखा जा रहा है। पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बड़े पैमाने पर अनियमितता उजागर हुआ है। विधायक के जिला प्रतिनिधि ने विद्यालय की हालत देख चौंक गए। जांच के दौरान पाया गया कि विद्यालय के अधिकांश कमरों में धान पसारा हुआ है। विद्यालय भवन की स्थिति काफी जर्जर है। शौचालय और किचन शेड की स्थिति अत्यंत ही खराब है। विद्यालय में शिक्षक की उपस्थिति नहीं होने के कारण बच्चों की उपस्थिति शून्य रहता है। महीना में मुश्किल से 10 दिन ही टीचर स्कूल आते हैं। पढ़ाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। बच्चों को मिलने वाली पौष्टिक आहार शिक्षक द्वारा डकार लिया जा रहा है। यू कहा जाए कि सिर्फ कागज पर स्कूल का संचालन किया जा रहा है। विधायक प्रतिनिधि बताया कि जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितता देखने को मिला है। समय से पहले 2.30 बजे ही विद्यालय बंद कर दिया गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक प्रतिनिधि को बताया कि विद्यालय में पिछले कई दिनों से एमडीएम बच्चों को नहीं मिल रहा है। विद्यालय के टीचर अधिकांश दिन स्कूल से गायब रहते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी द्वारा हमेशा फर्जी हाजिरी बनाया जाता है। जो बच्चे स्कूल नहीं आते हैं, उनका भी प्रधानाध्यापिका हाजिरी बना देती है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिन बच्चों का हाजिरी बना है, वे स्कूल पहुंचे ही नहीं हैं। बताया कि स्कूल के जिस कमरों में बच्चों को बैठकर पढ़ाई करनी चाहिए, वहां धान सुखाया जा रहा है। विकास फंड से विद्यालय भवन की मरम्मत करने की बजाय राशि को डकार लिया गया है। विद्यालय भवन पूरी तरह से गौशाला बन गया है। बच्चों का भविष्य भगवान भरोसे टिका हुआ है। विधायक के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता ने जिला शिक्षा अधीक्षक से मामले की जांच कर दोषी शिक्षिका पर कार्रवाई करने की मांग किया है। विधायक जिला प्रतिनिधि ने बताया कि इस संबंध में बहुत जल्द पलामू उपायुक्त से मिलकर स्कूल की हालत से अवगत कराएंगे, ताकि स्कूल का सुधार हो सके