उपायुक्त ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया विशेष जोर
गिरिडीह। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज प्रखंड कार्यालय, गिरिडीह स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा, रखरखाव एवं निगरानी व्यवस्थाओं का गहन आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, उनके संचालन तथा रखरखाव की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी तंत्र की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकरण—सीसीटीवी, जनरेटर एवं अन्य निगरानी उपकरण—हमेशा क्रियाशील रखें जाएँ ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान रामनिवास यादव ने वेयरहाउस परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, बीयू (बैलेट यूनिट) हॉल, जनरेटर रूम, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, कमरों की सीलिंग तथा तैनात सुरक्षा बलों के लॉग बुक की भी समीक्षा की। उन्होंने जो भी कमियाँ पायीं, उनका समयबद्ध सुधार कराने का आदेश दिया और बताया कि सभी व्यवस्थाएँ निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाएँ।
उपायुक्त ने तैनात सशस्त्र सुरक्षा बलों को उनके कर्तव्यों के प्रति सजग, सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए और जोर देकर कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन व नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

