त्थर, फर्शी और ईंटों से कुचलकर युवक की हत्या ||
पत्थर, फर्शी और ईंटों से कुचलकर युवक की हत्या छोटी मायापुरी में रहने वाले फल का ठेला लगाने वाले युवक की पांच से अधिक बदमाशों ने पत्थर, फर्शी, ईंटों से कुचलकर हत्या कर दी। मां बीच-बचाव करने आई तो उसे भी पीटा। चिमनगंज थाना पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की है।बबलू (३०) पिता किशोर कछवाय निवासी छोटी मायापुरी देवासगेट पर फल का ठेला लगाता था। उसकी मां कौशल्याबाई ने बताया, रात 9 बजे घर में खाना बना रही थी तभी गोलू व उसके पिता, बिट्टा और उसके पिता और भय्यू सहित अन्य लोग घर आए और बबलू के बारे में पूछने लगे। कौशल्या ने कहा कि बबलू से क्या काम है तो बोले राम-राम करना है। कौशल्या ने बबलू के घर नहीं होने की बात कही तो वह लोग जाने लगे लेकिन घर के सामने ही बबलू उन्हें दिख गया। सभी ने मिलकर बबलू को पकड़ा और ईंट, पत्थर व फर्शी से हमला शुरू कर दिया। एक बदमाश ने बबलू के सिर पर बड़ा पत्थर मारकर सिर कुचला तो दूसरे ने पैर पर फर्शी मारकर पैर तोड़ दिए। यह देख मां कौशल्या बेटे को बचाने गई तो बदमाशों ने उसे भी पीटकर भगा दिया।बबलू के दो बच्चे हैं। 10 वर्ष का मासूम बेटा दादी कौशल्या के साथ थाने पहुंचा। पुलिस कौशल्याबाई से पूछ रही थी कि किसने हमला किया उसी दौरान बबलू का मासूम बेटा बोला बिट्टा ने पापा के सिर पर फर्शी से हमला किया था और गोलू ने पैर पर पत्थर मारे।
