तपती गर्मी में मानवता की मिसाल, पनशाला के लिए मुफ्त घड़े देंगे अविनाश देव

तपती गर्मी में जनसेवा का संकल्प, पनशाला के लिए मुफ्त मिट्टी के घड़े देंगे अविनाश देव

प्यासे लोगों को ठंडा पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य और मानव सेवा है : अविनाश देव

मेदिनीनगर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ऐसे कठिन समय में राहगीरों की प्यास बुझाने और समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड माटी कला बोर्ड सदस्य सह संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि पलामू जिले में जो भी व्यक्ति, सामाजिक संस्था, युवा संगठन, व्यापारी या समाजसेवी अपने क्षेत्र में पनशाला खोलना चाहते हैं, उन्हें निःशुल्क मिट्टी के घड़े उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग मेदिनीनगर स्थित माटी कला बोर्ड कार्यालय पहुंचकर मुफ्त में मिट्टी के घड़े प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य केवल गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाना ही नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता की भावना को मजबूत करना भी है।

अविनाश देव ने कहा कि आज की भीषण गर्मी में राह चलते लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ी जनसेवा है। यदि हर चौक-चौराहे, बाजार और सार्वजनिक स्थल पर एक-एक पनशाला शुरू हो जाए, तो हजारों लोगों को राहत मिल सकती है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आगे आकर इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

उन्होंने यह भी कहा कि मिट्टी के घड़ों का उपयोग स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है, क्योंकि इसमें रखा पानी प्राकृतिक रूप से ठंडा और शुद्ध बना रहता है। साथ ही इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। प्लास्टिक और अन्य कृत्रिम साधनों की तुलना में मिट्टी के बर्तनों का उपयोग पर्यावरण के अनुकूल है।

इस पहल से स्थानीय कुम्हारों और माटी कला से जुड़े कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर शुरू की गई यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।