तमिलनाडु गैस रिसाव के बाद गिरिडीह के प्रवासी श्रमिक सकुशल घर लौटे
गिरिडीह। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में 21 जून को हुई अमोनिया गैस रिसाव घटना के बाद झारखंड सरकार की त्वरित पहल से प्रभावित प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर राज्य नियंत्रण कक्ष ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग और रेलवे के साथ समन्वय कर कुल 42 श्रमिकों की वापसी का इंतजाम किया। रेलवे प्रशासन ने राज्य सरकार के अनुरोध पर चेन्नई से धनबाद तक विशेष रेल टिकट उपलब्ध कराए।
गिरिडीह के तीन श्रमिक सुंदर राम किरकू, जितेन्द्र बेसरा और लखीधर मुर्मू आज गुरुवार को सकुशल पहुंचे। उनकी आगमन पर सहायक श्रमायुक्त और श्रम अधीक्षक कार्यालय ने आत्मीय स्वागत किया तथा जिला प्रशासन ने सरकारी वाहनों से उन्हें उनके-अपने घर तक सुरक्षित पहुँचाया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। श्रम विभाग ने लौटे श्रमिकों को विभागीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और नियमानुसार लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही प्रभावितों को चिकित्सा सहायता और आवश्यक सहायता सुनिश्चित कर दी गई है ताकि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

