तबादले से नाराज लिपिक पर धमकी देने का आरोप, सिविल सर्जन ने मांगी कानूनी कार्रवाई
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आदेश पर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल से स्थानांतरित किए गए लिपिक (क्लर्क) निशांत कुमार सिंह ने आक्रोशित होकर सिविल सर्जन कार्यालय में कार्यरत दूसरे लिपिक राजशेखर पांडेय को कथित तौर पर हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी दी है।
इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि यदि उसका तबादला आदेश स्थगित नहीं हुआ और उसके स्थान पर किसी अन्य लिपिक ने योगदान दिया, तो वह उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल की छत से नीचे फेंक देगा।
निशांत कुमार सिंह की इस कथित धमकी के बाद लिपिक राजशेखर पांडेय ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया है।
सिविल सर्जन डॉ. कमलेश्वर प्रसाद ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपी लिपिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को पत्र भेजा है।
सिविल सर्जन ने बताया कि इस मामले से उपायुक्त को भी अवगत करा दिया गया है। मामले को गंभीर मानते हुए असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कमलेश्वर प्रसाद ने अनुमंडल पदाधिकारी को पत्रांक 1452, दिनांक 6 जून 2026 के जरिए सूचना देते हुए नियमानुकूल कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि इस घटना से कार्यालय की शांति भंग हो सकती है। इस पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी को भी भेजी गई है।

