सुपर टायफून का असर! देश के कई हिस्सों में बारिश पड़ सकती है कमजोर
देश ने पूरे मानसून को कवर कर लिया है, लेकिन आज सामने आई तस्वीरें परेशान करने वाली हैं। मौसम विभाग की सैटेलाइट इमेज में मध्य भारत में मानसून ज्यादा एक्टिव है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर तक बादल हैं।
दूसरी ओर, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी हिस्सों में बादल कम हैं। यहां आने वाले दिनों में बारिश की कम संभावनाएं दिख रही हैं।
देश के मानसून के लिए एक और बुरी खबर है। फिलीपींस के पास प्रशांत महासागर में सुपर टायफून ‘बावी’ बना है। यह ताइवान और चीन की ओर बढ़ रहा है। इसका असर 3 से 4 हजार किमी दूर बंगाल की खाड़ी तक पड़ रहा है।
जब तक यह तूफान चीन नहीं पहुंचता, तब तक बंगाल की खाड़ी में बारिश कराने वाला नया सिस्टम बनने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में दो दिन बाद देश के कई हिस्सों में बारिश कम हो सकती है। अच्छी बारिश के लिए अगले करीब एक हफ्ते तक इंतजार करना पड़ सकता है।

