सुकुरहुटू में वज्रपात का कहर: पेड़ के नीचे खड़े दो भाई चपेट में, 12 वर्षीय अमन की मौत, छोटा भाई झुलसा
सुकुरहुटू में वज्रपात का कहर: पेड़ के नीचे खड़े दो भाई चपेट में, 12 वर्षीय अमन की मौत, छोटा भाई झुलसा
भरनो (गुमला) – भरनो प्रखंड के सुकुरहुटू गांव में शनिवार शाम हुए दर्दनाक वज्रपात हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। फुलेंद्र महतो के 12 वर्षीय पुत्र अमन महतो की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई अमित महतो (10 वर्ष) झुलस गया।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों भाई घर के पास मैदान में बकरी चरा रहे थे। बारिश शुरू होने पर वे बकरी लेकर घर लौट रहे थे। तेज गरज-चमक के बीच बारिश से बचने के लिए दोनों रास्ते में एक फूटकल पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों व परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अमित को खतरे से बाहर बताया गया, जबकि अमन की हालत गंभीर देख उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। परिजन उसे रांची ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ती गई। रांची पहुंचने पर एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
अमन राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुकुरहुटू में कक्षा सात का छात्र था, जबकि अमित उसी विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रविवार सुबह सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



