सुग्गा बांध: पलामू प्रमंडल का अनमोल पर्यटन रत्न, जहां प्रकृति खुद सुनाती है अपनी सबसे सुंदर कहानी

लातेहार जिले के हरी-भरी वादियों में बसा सुग्गा बांध आज प्रकृति प्रेमियों और सैलानियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है बेतला नेशनल पार्क और नेतरहाट के मार्ग पर, गारू प्रखंड के बारेसाढ़ क्षेत्र में स्थित यह स्थल पिकनिक और सुकून के पल बिताने के लिए एक आदर्श जगह बन चुका है।नाम भले ही “बांध” हो, लेकिन हकीकत में यह एक मनमोहक प्राकृतिक झरना है। घने जंगलों और ऊँची पहाड़ियों के बीच बहती नदी जब ऊँचाई से नीचे गिरती है, तो उसकी दूधिया धाराएँ हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। तेज बहाव में विशाल चट्टानों से टकराता पानी पत्थरों को अनोखी आकृतियों में बदल देता है, जो इस स्थल की सुंदरता में चार चांद लगा देता है।यहां की शांति अपने आप में एक अनुभव है। चारों ओर फैली हरियाली, पक्षियों का कलरव और झरने की निरंतर गूंज पर्यटकों को प्रकृति के बेहद करीब ले जाती है। यहां आने वाला हर व्यक्ति कुछ देर के लिए भागदौड़ भरी जिंदगी को भूल जाता है और लौटते समय दिल में बस एक ही ख्वाहिश होती है फिर से यहां आने की लोककथा जो सुग्गा बांध को बनाती है खास सुग्गा बांध केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि इससे जुड़ी रोचक लोककथा के लिए भी जाना जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, प्राचीन काल में यहां एक बांध था, जहां सुग्गा नामक तोता अपनी पत्नी सुगनी के साथ रहता था।जब बांध का पानी सूख गया और दोनों प्यास से व्याकुल हो उठे, तब सुग्गा ने अपनी चोंच से चट्टानों को खोदना शुरू किया। धीरे-धीरे बांध में फिर से पानी भर गया। लेकिन बरसात के मौसम में पानी इतना बढ़ गया कि उनका बसेरा डूबने लगा। तब सुग्गा ने चट्टान को तोड़ दिया और पानी झरने के रूप में नीचे बहने लगा। इसी लोककथा के कारण इस स्थल का नाम सुग्गा बांध पड़ा अगर आप प्रकृति की गोद में शांति, सौंदर्य और लोककथाओं का अनूठा संगम देखना चाहते हैं, तो सुग्गा बांध जरूर जाएं यह पलामू की वह खूबसूरती है, जिसे देखा नहीं, बल्कि महसूस किया जाता है।