सुभाष शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्रशिक्षुओं ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां

गिरिडीह स्थित सुभाष शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय द्वारा सोमवार को एक सराहनीय सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सभी प्रशिक्षणार्थियों ने स्नेहदीप वृद्ध आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों के बीच फल, मिठाई एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। इस दौरान आश्रम का माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण बना रहा।

संस्थान के निदेशक सह अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि माता-पिता और वृद्धों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिन माता-पिता ने हमें जीवन में आगे बढ़ने योग्य बनाया, उनकी सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। वहीं प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में प्रेम, सम्मान और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में प्रो. कौशल राज सहित संस्थान के कई शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।