सतबरवा पंचायत में चला “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, मौके पर मिला समाधान

सतबरवा पंचायत में चला “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, मौके पर मिला समाधान

सतबरवा (पलामू), 25 नवंबर : झारखंड सरकार के महत्वाकांक्षी “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सोमवार को सतबरवा पंचायत सचिवालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पलामू एनडीसी नीरेन्द्र कुमार, सतबरवा सीओ सह बीडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, पंचायत मुखिया रीना साहू, बीपीओ आरजू तमन्ना एवं समाजसेवी कमलेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई समस्याओं का मौके पर ही निष्पादन किया गया। इस दौरान मुखिया रीना साहू ने अबुआ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा मनरेगा जॉब कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र आदि का वितरण भी किया।

सीओ सह बीडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने कहा कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पेंशन, मइयां सम्मान योजना सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां ग्रामीण बिना मुख्यालय जाए ही सभी सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण अपने अधिकारों व सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होते हैं और जीवन स्तर सुधारने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में समाजसेवी अतुल कुमार, प्रज्ञा केंद्र संचालक नवीन सिंह, ऑपरेटर राहुल लकड़ा, बीपीओ आरजू तमन्ना, रोजगार सेवक सरफराज आलम, लिपिक प्रेमचंद कुमार प्रसाद, अभिषेक कुमार सोनी, अदनान खान सहित सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं-पुरुष उपस्थित थे।

ग्रामीणों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि सरकार सचमुच उनके द्वार तक पहुंच गई है।