सतबरवा में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ा आक्रोश, ग्रामीणों ने लगाए अनियमितता और अधिक बिल के आरोप

झारखंड बिजली वितरण निगम में स्मार्ट/डिजिटल मीटरों में भारी अनियमितता: ग्रामीण जनता परेशान, सतबरवा में महत्वपूर्ण बैठक*

सतबरवा (पलामू)। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट और डिजिटल मीटरों को लेकर सतबरवा क्षेत्र के उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने मीटर रीडिंग में गड़बड़ी, अधिक बिजली बिल और बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती जैसी समस्याओं का आरोप लगाया है। इन्हीं शिकायतों को लेकर सतबरवा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं को अपेक्षा से अधिक बिल मिलने की शिकायत है। साथ ही क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली कटौती से घरेलू कामकाज, कृषि और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। शनिवार को करीब आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने का दावा करते हुए लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी उपभोक्ताओं की शिकायतों की निष्पक्ष जांच और समयबद्ध समाधान होना चाहिए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्मार्ट/डिजिटल मीटर, बिजली बिल और आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों को लेकर जेबीवीएनएल के वरीय अधिकारियों को विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा और संबंधित विभागीय स्तर पर भी मामले से अवगत कराया जाएगा। बैठक में मोहम्मद अफजल, शमसुद्दीन, हसीब, अशोक साहू, राजेश साहू, अजय कुमार, मोहसिन, शोयब, लाला साव, करीम और तालिब इकबाल समेत कई लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर वे आगे आंदोलन की रणनीति पर विचार करेंगे।

You may have missed