सतबरवा में सहजकर्ता दल का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, जीपीडीपी योजना निर्माण की मिली जानकारी

सतबरवा (पलामू)। प्रखंड कार्यालय सभागार में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के तहत सहजकर्ता दल का दो दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हुआ। ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं के निर्माण, जनभागीदारी और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की जानकारी दी गई।

मास्टर ट्रेनर पूनम सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं के समन्वय से पंचायत स्तर पर पारदर्शी और प्रभावी विकास को बढ़ावा देना है। वहीं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अमित गुप्ता ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 16वें वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, ताकि पंचायतों में योजनाबद्ध और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उप प्रमुख कामाख्या नारायण यादव ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से योजना निर्माण में पारदर्शिता बढ़ने के साथ जनहित से जुड़ी योजनाओं के चयन में सुविधा होगी। मुखिया रिंकी देवी ने कहा कि गांवों के विकास से ही देश का वास्तविक विकास संभव है। प्रशिक्षण में सहजकर्ता दल के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

You may have missed