सतबरवा-लेशलीगंज के किसानों की जीवन रेखा मलय डैम की नहर टूटी, सांसद विष्णु दयाल राम ने लिया संज्ञान
पलामू : सतबरवा प्रखंड सहित सदर और लेशलीगंज प्रखंड के हजारों किसानों की जीवन रेखा मलय डैम की सतबहिनी नहर संख्या-18 पिछले साल 18 दिसंबर को क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से किसान लगातार परेशानी झेल रहे हैं। सिंचाई का पानी न पहुंचने से खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय किसानों ने पलामू लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद आदरणीय विष्णु दयाल राम से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। किसानों ने सांसद को फूलों का बुके भी भेंट किया।
मौके पर समाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि मनीष कुमार, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि, पाकरी विधायक प्रतिनिधि अजय उरांव, जिला परिषद सांसद प्रतिनिधि सोनू सिकंदर सहित बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सांसद विष्णु दयाल राम ने जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि 30 मई को होने वाली दिशा समिति की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा और शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
किसानों का कहना है कि मलय डैम की यह नहर उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो रबी और खरीफ फसल दोनों प्रभावित होंगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होगा।
सांसद विष्णु दयाल राम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

