सरकारी आवास में प्रेमिका संग रंगे हाथ पकड़े गए CO पत्नी ने घर में किया कैद

गढ़वा : जिले के मझिआव अंचल में शनिवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब सीओ प्रमोद कुमार को उनकी पत्नी डॉ. श्यामा रानी ने घर के अंदर कैद कर दिया। बताया जा रहा है कि सीओ साहब अपनी प्रेमिका के साथ सरकारी आवास में थे, तभी अचानक उनकी पत्नी वहां पहुंच गई और दोनों को एक ही कमरे में रंगे हाथ पकड़ लिया। सूत्रों के मुताबिक, घटना सुबह करीब चार बजे की है। जानकारी मिलने के बाद डॉ. श्यामा रानी, जो बिहार के पूर्व सांसद श्रीराम मांझी की बेटी हैं, अपने पति के सरकारी आवास पहुंचीं। उन्होंने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और कमरे में पति को किसी अन्य महिला के साथ देखकर गुस्से में आ गईं। इसके बाद उन्होंने घर के सभी दरवाजे बंद कर दिए और सीओ को कमरे में कैद कर लिया। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय पुलिस और कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन गुस्साई पत्नी के सामने किसी की नहीं चली। आखिरकार सीओ प्रमोद कुमार ने छत से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इस बीच, पुलिस ने सीओ की कथित प्रेमिका को हिरासत में लेकर महिला थाने भेज दिया है। सीओ की पत्नी डॉ. श्यामा रानी ने कहा कि उन्हें काफी समय से अपने पति पर शक था, लेकिन आज सब कुछ सामने आ गया। उन्होंने कहा “हम कानून का सहारा लेंगे, अब मामला परिवार तक सीमित नहीं रहा।” वहीं, पूर्व सांसद श्रीराम मांझी ने कहा कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है और उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने कहा “सब जानते हैं कि इस तरह का काम गलत है। अब हम लोग कानूनी कार्रवाई करेंगे।” इस मामले पर एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि फिलहाल यह पारिवारिक विवाद का मामला लग रहा है। अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मझिआव और आसपास के इलाके में पूरे दिन इस हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा होती रही।

You may have missed