स्कूल की दूसरी मंजिल की छत भरभरा कर गिरी, 35 बच्चे बाल-बाल बचे

स्कूल की दूसरी मंजिल की छत भरभरा कर गिरी, 35 बच्चे बाल-बाल बचे

कोडरमा। चंदवारा प्रखंड स्थित प्राथमिक मध्य विद्यालय वीरगढ़ा में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय में मिड डे मील के लिए बरामदे में बैठे करीब 35 बच्चे उस समय बाल-बाल बच गए, जब स्कूल की दूसरी मंजिल की छत अचानक भरभरा कर पहली मंजिल पर जा गिरी।

छत गिरने से ठीक पहले जोरदार आवाज हुई। आवाज सुनते ही बच्चे खाना छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच विद्यालय के एकमात्र शिक्षक सह प्राचार्य पिंटू कुमार भी तत्काल बाहर निकल गए।

बाहर आने के बाद उन्होंने देखा कि दूसरी मंजिल की छत पूरी तरह टूटकर पहली मंजिल पर गिर चुकी है और उसका मलबा नीचे जमा हो गया है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस समय छत गिरी, उस वक्त कोई भी बच्चा दूसरी मंजिल पर मौजूद नहीं था। इस वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद विद्यालय भवन की सुरक्षा और उसकी जर्जर स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।