SIR के विरोध में JMM का हल्लाबोल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंककर जताया आक्रोश
SIR के विरोध में JMM का हल्लाबोल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंककर जताया आक्रोश
एसआईआर को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त और दो अन्य निर्वाचन आयुक्तों के बीच कथित मतभेद का मामला सामने आने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है।
सोमवार को गिरिडीह जिला मुख्यालय में JMM कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया और अपना आक्रोश जताया। पुतला दहन से पहले पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंचे। इसके बाद राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, पूर्व विधायक केदार हाजरा, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में टावर चौक पहुंचे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। टावर चौक पर पुतला दहन कर SIR के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
पुतला दहन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए JMM जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा SIR के बहाने लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट देने के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है और संविधान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप भी लगाया।
कार्यक्रम में पार्टी के जिला सचिव महा लाल सोरेन, अजीत कुमार, पप्पू शाहनवाज अंसारी, राकेश रंजन, कृष्ण मुरारी शर्मा, रॉकी सिंह, दारा हाजरा, नौशाद अहमद चांद, प्रीति भास्कर, माला देवी, प्रमिला कुमारी समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

