श्री सर्वेश्वरी समूह ने बच्चों के बीच बांटें 400 पौधे, बीडीओ ने कहा समूह द्वारा संचालित जनहित कार्यक्रम सराहनीय,एक पेड़ अपने पूर्वजों के नाम अवश्य लगाएं बच्चें।
श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा मेदिनीनगर की ओर से मंगलवार को समूह के 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत राजकीयकृत मध्य विद्यालय पाटन में पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच 400 फलदार पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाटन बीडीओ सह प्रभारी सीओ डॉ. अमित कुमार झा तथा पाटन थाना के एसआई जितेन्द्र यादव शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों का स्वागत बुके व फूलमाला भेंटकर किया गया, जबकि बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समूह के सदस्यों एवं अतिथियों का अभिनंदन किया।
समूह सदस्य सुधीर सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि “श्री सर्वेश्वरी समूह एक विशुद्ध आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्था है, जो देश स्तर पर राष्ट्रहित से जुड़े दर्जनों कार्यक्रमों का संचालन कर रही है।
मुख्य अतिथि डॉ. अमित कुमार झा ने समूह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा — “कुष्ठ रोगियों की सेवा में सर्वेश्वरी समूह का योगदान अतुलनीय है। समूह का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक में दर्ज होना गर्व की बात है। समूह के कार्यक्रमों से प्रेरित होकर हर विद्यार्थी वर्ष में एक पौधा अपने पूर्वजों के नाम अवश्य लगाएं, ताकि पर्यावरण संरक्षण में सबकी भागीदारी बने। मानव जीवन को बचाने के लिए पेड़ लगाना आवश्यक।
वहीं एसआई जितेन्द्र यादव ने कहा कि “सर्वेश्वरी समूह अध्यात्म के साथ-साथ समाजसेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। पेड़-पौधे मानव जीवन के रक्षक हैं, जो हमें शुद्ध हवा और पानी प्रदान करते हैं। इसलिए सभी को पौधारोपण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक श्रीकांत पाण्डेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। वहीं मंच संचालन शिक्षक रामलाल महतो ने किया। मौके पर शाखा मंत्री प्रताप नारायण शाही, वरिष्ठ सदस्य हरेराम सिंह,अनुज सिंह,अंशु कुमार, जितेंद्र सिंह, प्रिंसिपल भारती गुप्ता, शिक्षिका कुमारी अरुण,रूबी देवीा, शिक्षक अफताब आलम, विपिन रवि, रामाधार, उपेंद्र,सोनल,अनुज, शुशील, देवंती कुंवर,मंजू देवी, रमेश कुमार व अन्य लोग मौजूद थे।

