श्रावणी मेले में गिरिडीह पुलिस की पहल, कांवरियों के लिए निःशुल्क सेवा शिविर शुरू
श्रावणी मेले में गिरिडीह पुलिस की पहल, कांवरियों के लिए निःशुल्क सेवा शिविर शुरू
गिरिडीह। श्रावणी मेले के दौरान देवघर जाने वाले कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर गिरिडीह पुलिस ने पपरवाटांड़ स्थित नए पुलिस लाइन गेट के समीप निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर शुरू किया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने शिविर का उद्घाटन किया। यहां कांवरियों के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने और आराम करने की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराएंगे।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह होकर बड़ी संख्या में कांवरिये बाबा बैद्यनाथ धाम जाते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी परेशानी में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की। शिविर के उद्घाटन के दौरान सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव सहित विभिन्न थानों के अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद रहे। कांवरियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

