श्रावण में पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने परिवार संग किया रुद्राभिषेक, सुख-शांति की मांगी कामना
भगवान भोलेनाथ सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें, देश की एकता व अखंडता सदैव बनी रहे : मिथिलेश ठाकुर
हर हर महादेव व मंत्रोच्चार से गूंजता रहा पूर्व मंत्री का आवास
मिथिलेश ठाकुर ने पूरे परिवार के साथ किया रूद्राभिषेक, महाप्रसाद का वितरण
फोटो: रूद्राभिषेक करते पूर्व मंत्री
गढ़वा। श्रावण मास के पावन मौके पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर पूजा अर्चना व रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से जुड़े इस आयोजन में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। हर-हर महादेव के जयकारे से वातावरण गुंजायमान होता रहा। विद्वान आचार्यों एवं पुरोहितों द्वारा वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कराई गई। पूर्व मंत्री श्री ठाकुर, उनकी पत्नी चंचल ठाकुर, भाई रंजीत ठाकुर, अमरजीत ठाकुर, विनय ठाकुर, रोजी ठाकुर सहित परिवार के सभी सदस्यों, रिष्तेदारों अन्य परिजनों आदि ने रूद्राभिषेक किया। श्री ठाकुर ने भगवान भोलेनाथ से गढ़वा जिला सहित झारखंड एवं देष की खुशहाली, समृद्धि एवं विकास की प्रार्थना की। पूरे वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना रहा। पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक संपन्न होने के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मौके पर पूर्व मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि श्रावण का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस पवित्र माह में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद पूरे गढ़वा जिले के साथ-साथ झारखंड और देश के सभी लोगों पर बनी रहे। भगवान शिव सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें। समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव मजबूत हो, भगवान शिव से यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने श्रावण माह की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महीना श्रद्धा, भक्ति और आस्था का प्रतीक है। इस महीने में श्रद्धालु भगवान शिव की विशेष अराधना करते हैं। मौके पर काफी संख्या में उपस्थित लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मौके पर मुख्य रूप से भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव, बिश्रामपुर विधायक नरेश सिंह, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ़ चुन्ना सिंह, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो,डीसी पशुपतिनाथ मिश्र सहित काफी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शहरवासी सहित कई पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

