संत मरियम स्कूल में डाक विभाग द्वारा “ढाई आखर” थीम पर पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित
मेदिनीनगर। भारत संचार मंत्रालय के निर्देशन में डाक विभाग द्वारा संत मरियम स्कूल में “ढाई आखर” थीम पर आधारित पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका टॉपिक था लेटर टू माइ रोल मॉडल। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में पत्र लेखन की परंपरा को पुनर्जीवित करना, भाषा कौशल को निखारना और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का संचालन डाक विभाग, पलामू डिविजन के डेवलपमेंट ऑफिसर श्री राहुल गुप्ता के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने छात्रों को पत्र लेखन की उपयोगिता, डाक सेवा की महत्ता तथा आधुनिक संचार माध्यमों के बीच पत्र की स्थायी भूमिका पर प्रेरक जानकारी दी।
इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक श्री उत्कर्ष देव तथा सीनियर कोऑर्डिनेटर श्री रोशन राज की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। अतिथियों ने छात्रों की लेखन प्रतिभा की प्रशंसा की और उन्हें निरंतर लेखन एवं अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “ढाई आखर” थीम पर अपने भावनापूर्ण एवं सारगर्भित पत्र प्रस्तुत किए।
विद्यालय प्रबंधन ने डाक विभाग द्वारा किए गए इस शैक्षणिक प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों का समर्थन जारी रखने की बात कही।

