संखड़िया पहाड़ी पर भव्य कलश यात्रा के साथ हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ
मेराल प्रखंड के पचफेडी मोड़ के पास संखड़िया पहाड़ी पर हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ का शुभारंभ रविवार को हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस आयोजन में आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।
कार्यक्रम की शुरुआत महावीर मंदिर के प्रांगण में आचार्य पंडित रामनाथ मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना तथा कलश संकल्प के साथ किया। आचार्यों के निर्देशन में श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरकर शोभायात्रा निकाली। कलश यात्रा पचपेड़ी संखड़िया पहाड़ी से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए गटियरवा गांव स्थित नदी पर पहुँची और वरुण पूजन करते हुए कलश में जल भरकर पुनः संखड़ीया यज्ञ स्थल पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु बैंड बाजा एवं साउंड पर भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। इस अवसर पर “जय श्री राम” और “हनुमान जी की जय” के उद्घोष श्रद्धालुओं द्वारा किया जा रहा था।
आयोजन समिति के अध्यक्ष गंगा प्रसाद अग्रवाल, आलोक ठाकुर, जिप सदस्य संजय कुमार सिंह तथा आशीष अग्रवाल सुमेर पासवान कंचन पांडे सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ 20 फरवरी तक चलेगा।यज्ञ का समापन पूर्णाहुति एवं भंडारा के साथ 20 फरवरी को संपन्न होगा।जिसमें प्रतिदिन हवन, पूजन, प्रवचन और भजन-कीर्तन के साथ साथ भंडारा का आयोजन किया जाएगा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।स्थानीय ग्रामीणों ने इस धार्मिक आयोजन को क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। उनका कहना है कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और भाईचारा मजबूत होता है। महायज्ञ के सफल आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि आएगी। इस अवसर पर महायज्ञ कमेटी के हरिवंश तिवारी ,रामलाल चौधरी, प्रतीक अग्रवाल ,मुखिया अजीज अंसारी ,मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र प्रसाद गुप्ता, कंचन पांडेय सहित काफी संख्या में महिला व पुरुष शामिल थे।

