रसोईया चयन विवाद में स्कूल पर ताला, पांकी में बच्चों की पढ़ाई ठप
रसोईया चयन विवाद: पांकी के प्राथमिक विद्यालय माड़न पोखर में अभ्यर्थियों ने जड़ा ताला, बच्चे बाहर इंतजार को विवश
पांकी
पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय माड़न पोखर में रसोईया चयन को लेकर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। चयन प्रक्रिया से नाराज कुछ अभ्यर्थियों के परिजनों ने विद्यालय के कक्षाओं में ताला जड़ दिया, जिससे विद्यालय में शैक्षणिक कार्य पूरी तरह ठप हो गया और छोटे-छोटे बच्चे कक्षाएं खुलने का इंतजार करते बाहर खड़े नजर आए।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश रंजन जब निर्धारित समय पर स्कूल पहुँचे, तो उन्होंने कक्षाओं में ताला बंद पाया। जब उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो पता चला कि विद्यालय की पूर्व रसोईया निर्मला देवी एवं उनके परिजनों द्वारा यह ताला बंद किया गया है। वे लोग नए रसोईया के चयन प्रक्रिया से असंतुष्ट हैं और अपना विरोध जता रहे हैं।
पठन-पाठन प्रभावित
इस विद्यालय में कुल 74 बच्चों का नामांकन दर्ज है, जिन्हें पढ़ाने के लिए फिलहाल मात्र एक ही शिक्षक (प्रधानाध्यापक राजेश रंजन) पदस्थापित हैं। विद्यालय में ताला बंदी के कारण दूर-दूर से पढ़ने आए नन्हे-मुन्ने बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और उन्हे बाहर ही बैठना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया राजेंद्र पांडे एवं शिक्षा विभाग के कर्मी तुरंत हरकत में आए और विद्यालय पहुँचे। विभाग के अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और ताला बंद करने वाले लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।



