राम मंदिर चढ़ावा चोरी में बड़ा खुलासा, दान के पैसों से शेयर बाजार में निवेश का आरोप

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी चोरी किए गए दान के पैसों को पहले रिश्तेदारों और जानकारों के बैंक खातों में नकद जमा कराते थे, फिर वहीं से अपने खातों में ट्रांसफर कर रकम को वैध दिखाने की कोशिश करते थे। बताया जा रहा है कि इसी पैसे का इस्तेमाल शेयर बाजार में निवेश के लिए भी किया जाता था। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के रिश्तेदारों और दोस्तों के करीब दो दर्जन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर नकदी, सोने की चेन, मोबाइल फोन और कार भी बरामद की गई है। पुलिस को यह भी शक है कि कुछ स्थानीय सर्राफ चोरी का सोना गलाने में मदद कर रहे थे। अब तक इस हाई-प्रोफाइल मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि जांच लगातार जारी है।