राधा स्वामी संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और सहयोगी सुबोध सिंह भी पुलिस हिरासत में

राधा स्वामी संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और सहयोगी सुबोध सिंह भी पुलिस हिरासत में

गिरिडीह। राधा स्वामी संगठन से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित ठगी मामले में पुलिस ने संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और उनके सहयोगी सुबोध सिंह को भी हिरासत में लिया है। इससे पहले मंगलवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था।

गौरतलब है कि राधा स्वामी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा और मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा पर लाभुकों से करोड़ों रुपये लेने के बाद फरार होने का आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर पिछले कई महीनों से लाभुकों और पुलिस द्वारा दोनों की तलाश किए जाने की बात सामने आ रही थी।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पटना में रह रहे थे और वहीं से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लाभुकों के सवालों का जवाब देने के साथ-साथ अपनी बात भी लोगों तक पहुंचा रहे थे।

मंगलवार को पुलिस ने मुकेश सिन्हा को उसके घर से हिरासत में लिया था। इसके बाद अब अनीशा सिन्हा और उनके सहयोगी सुबोध सिंह को भी पुलिस हिरासत में लिए जाने की सूचना है।

मामले में कई लाभुकों की ओर से थाने में लिखित शिकायत देकर कथित ठगी की जांच और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद मामले में और भी तथ्य सामने आने की संभावना है।