पत्रकार अरुण कुमार सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग, पत्रकारों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
पत्रकार अरुण कुमार सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग, पत्रकारों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
नौडीहा बाजार/पप्पु यादव
छतरपुर के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय अरुण कुमार सिंह के पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर बुधवार 28 जनवरी 2026 को पलामू के पत्रकारों ने संयुक्त रूप से उपायुक्त समीरा एस को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि वरिष्ठ पत्रकार स्व. अरुण कुमार सिंह की मृत्यु 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से हुई थी। आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है और परिवार आजीविका के गंभीर संकट से जूझ रहा है।
पत्रकारों ने उपायुक्त से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर उपायुक्त समीरा एस ने उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय कर परिजनों को यथाशीघ्र सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर नीरज कुमार विश्वकर्मा, नीलकमल मेहरा, गजेंद्र ठाकुर, केतन जी, राजीव सिन्हा, भोला, दिलीप कुमार, सच्चिदानंद, फैयाज अहमद, संजीत यादव, श्रवण सोनी, सुरेंद्र सिंह, सत्यदेव सिंह सहित दर्जनों वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि दिवंगत पत्रकार के परिवार को सहायता दिलाना न केवल मानवीय कर्तव्य है, बल्कि पत्रकार समाज के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता का भी परिचायक होगा।

