प्रवासी मजदूर की मौत पर सहायता राशि की मांग, फॉरवर्ड ब्लॉक ने श्रम अधीक्षक को सौंपा आवेदन
फॉरवर्ड ब्लॉक ने प्रवासी मजदूर की मौत पर सहायता राशि की मांग गिरिडीह श्रम अधीक्षक से की, कहा मृतक का शव लाने के लिए परिजन को लेना पड़ा कर्ज।
ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक ने बेंगाबाद प्रखंड के बड़कीटांड़ के एक प्रवासी मजदूर भगलु पुजहर की पिछले जून माह में राजस्थान के राजसमंद जिले में बीमार होने के बाद उदयपुर के एक सरकारी अस्पताल में इलाज क्रम में हुई मौत के मामले में सरकार द्वारा दिए जाने वाली सहायता राशि की मांग करते हुए गिरिडीह श्रम अधीक्षक दीपिका कुमारी से मुलाकात कर एक आवेदन सौंपा। मुलाकात के दौरान मृतक मजदूर माता सुलेखा देवी सहित बेंगाबाद के पार्टी प्रखंड अध्यक्ष शिवनंदन यादव मौजूद थे।
इस बाबत श्री यादव ने कहा कि, विगत 25 जून को उक्त मजदूर की मौत की खबर मिलने पर भी इसकी शिकायत और सहायता राशि के लिए परिजन के साथ वे श्रम अधीक्षक कार्यालय आए थे। लेकिन कार्यालय में अवकाश रहने के कारण श्रम अधीक्षक से फोन पर बात कर पर लौट गए थे। आज पुनः आवश्यक सभी कागजातों के साथ मृतक मजदूर की माँ के द्वारा आवेदन दिया गया है।
श्री यादव ने श्रम अधीक्षक से इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है और उन्हें भगलु का शव लाने के लिए कर्ज तक लेना पड़ा है।

