प्रशासन ट्रैफिक व्यवस्था सुधारे नहीं तो होगा PIL : चेंबर
प्रशासन ट्रैफिक व्यवस्था सुधारे नहीं तो होगा PIL : चेंबर
ट्रैफिक थाना जल्द खुलने की घोषणा पर डीजीपी को बधाई, महापौर अरुणा शंकर को धन्यवाद जिन्होंने रेडमा में बंद कराई अवैध वसूली
कल होटल ज्योतिलोक के सभागार में पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एक विशेष बैठक चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर की लगातार बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, मुख्य सड़कों पर अनियंत्रित रूप से बढ़ते ठेले, दुकानों के सामने अव्यवस्थित रूप से खड़े किए जा रहे मोटरसाइकिलों तथा सड़क अतिक्रमण से उत्पन्न हो रही गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चेंबर पहले प्रशासन से शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों तथा बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने का अनुरोध करेगा। यदि इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो जनहित में माननीय उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (PIL) दायर की जाएगी।
चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर ने अपने संबोधन में झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदासा मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि उनके हालिया मेदिनीनगर दौरे के दौरान उन्होंने शहर में शीघ्र ट्रैफिक थाना स्थापित किए जाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक डीएसपी की निगरानी में संचालित होने वाले इस ट्रैफिक थाने को प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा इसकी फाइल माननीय मुख्यमंत्री के पास भेजी जा चुकी है। श्री शंकर ने कहा कि वर्तमान समय में शहर की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। मुख्य बाजार क्षेत्र में यदि किसी भी प्रतिष्ठान में आग लग जाती है तो ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण के कारण दमकल वाहन के समय पर पहुंचने में कठिनाई होगी, जिससे व्यापक नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह विषय केवल व्यापारियों की समस्या नहीं बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा और जनहित से जुड़ा हुआ मुद्दा है, जिस पर प्रशासन को गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि चैनपुर-शाहपुर पुल, रेडमा चौक, सद्दीक मंजिल चौक सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। आए दिन लगने वाले जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि किसी व्यक्ति को अचानक हार्ट अटैक या अन्य गंभीर चिकित्सकीय आपातस्थिति उत्पन्न हो जाए तो जाम में फंसने के कारण उसे समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो सकता है। चेंबर अध्यक्ष ने यह भी कहा कि शहर की कई सड़कों पर बीच मार्ग अथवा किनारों पर लगाए जा रहे विद्युत पोल भी सड़क को संकरा बनाने का कारण बन रहे हैं। ऐसे सभी पोल, जो यातायात बाधित कर रहे हैं, उन्हें स्थानांतरित करने की दिशा में भी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि सड़कों की उपयोगिता और क्षमता बनी रहे।
बैठक में उपस्थित झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रिंकू दुबे ने शहर की दीर्घकालिक ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि बाजार समिति की बंद पड़ी लगभग पचास एकड़ भूमि में से केवल दस एकड़ भूमि नगर निगम को हस्तांतरित कर दी जाए। उन्होंने कहा कि इस भूमि पर एक आधुनिक राज्य एवं अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का निर्माण किया जा सकता है। वर्तमान में बसों के अनियोजित परिचालन और उनके शहर के विभिन्न हिस्सों में खड़े होने के कारण भी ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। यदि आधुनिक बस टर्मिनल का निर्माण हो जाता है तो इससे शहर के यातायात प्रबंधन में व्यापक सुधार आएगा तथा जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
चेंबर के महासचिव इंद्रजीत सिंह डिंपल ने मेदिनीनगर की महापौर अरुणा शंकर को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने दूसरी बार पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद रेडमा चौक क्षेत्र में वाहनों से की जा रही अवैध वसूली को बंद कराकर व्यापारियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि महापौर ने शहर की बढ़ती ट्रैफिक समस्या को गंभीरता से समझते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शहर के कई प्रमुख मार्गों को नो-वेंडर जोन घोषित किया गया है ताकि मुख्य सड़कों पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। साथ ही जिन ठेला एवं फुटपाथ विक्रेताओं को मुख्य मार्गों से हटाया जाएगा, उनके पुनर्वास के लिए भी सकारात्मक पहल की गई है। छ:मुहान से सटे पुलिस क्लब परिसर में उन्हें व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, जिससे रोजगार भी प्रभावित नहीं होगा और शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत होकर कहा कि शहर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने के लिए प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित किया जाएगा। यदि प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है तो चेंबर जनहित में कानूनी विकल्प अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगा। बैठक में कृष्ण अग्रवाल, राजदेव उपाध्याय, विनय सिंह, अमित जायसवाल, विजय ओझा, राकेश सोनी, रेडमा चेंबर के अध्यक्ष आशीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में चेंबर सदस्यों एवं व्यापारियों ने अपने विचार व्यक्त किए तथा शहर के विकास और ट्रैफिक सुधार को लेकर सुझाव रखे।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने हाल ही में दिवंगत हुए चैनपुर के व्यवसायी काशी प्रसाद, बबलू गुप्ता, शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी प्रेम श्रीवास्तव, शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. रवीश के पिता, वार्ड संख्या-1 के पूर्व पार्षद इंद्रदेव राम के पुत्र तथा सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी पांडे के पुत्र आकाश पांडे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


