भाजपा नगर मंडल की मासिक बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर हुआ मंथन

भाजपा नगर मंडल की मासिक बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर हुआ मंथन

गिरिडीह: भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल की मासिक बैठक बस स्टैंड रोड स्थित एक होटल में नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा सिंकू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, केंद्र सरकार के विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के विकास कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाने, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बूथ स्तर पर पौधारोपण, विश्व योग दिवस पर बूथ स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने, नगर कार्यालय के जीर्णोद्धार तथा नगर मंडल के संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद उपस्थित रहे। बैठक का संचालन राजेश जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन साहिल शर्मा ने किया।
अपने संबोधन में चंद्रमोहन प्रसाद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को दलित बस्तियों में जाकर सेवा भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज के सभी वर्गों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना, उनके सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाना तथा संगठन को मजबूत करने के लिए अपने अनुभव साझा करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी।
वहीं नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा सिंकू ने कहा कि पार्टी द्वारा निर्देशित सात प्रमुख विषयों पर बैठक में चर्चा की गई है। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त एवं धारदार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गिरिडीह नगर मंडल को जिले की सबसे मजबूत और सक्रिय इकाई बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष विनय शर्मा, विनय सिंह, जिला महामंत्री संदीप डांगेच, सुभाष सिन्हा, मुकेश जालान, हरविंदर सिंह बग्गा, संजीत सिंह पप्पू, सुनीत कुमार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष निर्भय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक के अंत में बूथ अध्यक्ष संख्या-38 के सुनील कुमार राम उर्फ छोटन के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।