“प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर मेराल प्रखंड के किसान मित्र अनिश्चितकालीन हड़ताल पर”
मेराल प्रखंड के किसान मित्र अपने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश कमेटी कृषक मित्र महासंघ झारखंड के निर्देशानुसार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इसे लेकर मेराल प्रखंड कृषक मित्र संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र महतो ने बीडीओ के प्रतिनिधि प्रधान सहायक सुनील कुमार एवं बीटीएम प्रवीण मिश्रा को हड़ताल पर जाने को लेकर लिखित आवेदन दिया है।दिए गए आवेदन के अनुसार झारखंड सरकार द्वारा पिछले कई वर्षों से कृषक मित्रों को प्रोत्साहन राशि नहीं दिया है। जिस कारण कृषक मित्रों में भारी नाराजगी एवं असंतोष व्याप्त है। कृषक मित्र के प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र महतो ने बताया कि सरकार द्वारा किसान हित में कृषक मित्रों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। बेहतरीन फसल उत्पादन के लिए समय समय पर किसानों को जागरुक एवं प्रोत्साहित करना, मिट्टी के जांच कराना, केसीसी फॉर्म भरवाना, किसानों को फसल बीमा कराने में सहयोग करना , किसानों के बीच नि: शुल्क बीज वितरण करने में सहयोग करना, किसानों के खेत एवं खेती का सर्वेक्षण करना सहित कई तरह के काम सरकार द्वारा किसान मित्रों से कराया जाता है। लेकिन इसके बावजूद भी सरकार द्वारा किसान मित्रों को उपेक्षित करते हुए विगत कई वर्षों से प्रोत्साहन राशि नहीं दिया जा रहा है। ऐसी स्थिति में बाध्य होकर प्रदेश के कृषक मित्र महासंघ अध्यक्ष शशि कुमार भगत के निर्देश पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया। इसकी प्रतिलिपि कृषि सचिव झारखंड सरकार कृषि मंत्री झारखंड सरकार मुख्यमंत्री झारखंड सरकार को दे दिया गया है। जब तक सरकार द्वारा घोषित प्रोत्साहन राशि कृषक मित्रों को नहीं मिल जाता है।तब तक सभी कृषक मित्र महासंघ हड़ताल पर रहेंगे।
इस अवसर पर श्रवन कुमार ठाकुर, परशुराम कुशवाहा, आलमगीर अंसारी ,राजकुमार साह, रामाशंकर चौबे ,कृष्ण ठाकुर ,ललन प्रसाद , चंदेश्वर राम,रामराज राम सहित कई किसान मित्र उपस्थित थे।
