प्रेमिका के साथ गांव लौटा तीन बच्चों का पिता, गांव में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मानजोरी पंचायत के एक गांव में शनिवार देर रात उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब तीन बच्चों का पिता अपनी प्रेमिका के साथ करीब 15 दिन बाद गांव वापस लौटा। दोनों के गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताया और उन्हें घर में प्रवेश करने से रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, युवक और उसकी प्रेमिका दोनों एक ही गांव के निवासी हैं तथा दोनों के तीन-तीन बच्चे हैं। बताया जाता है कि लगभग एक पखवाड़ा पहले युवक अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़कर तीन बच्चों की मां के साथ घर से चला गया था।
शनिवार देर रात दोनों के वापस लौटने पर गांव में हंगामा शुरू हो गया। मामले की सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दोनों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस की पहल के बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

