पलामू के तीन केंद्रों पर 5 मई को 1552 परीक्षार्थी देंगे नीट ( यू.जी.) 2024 की प्रवेश परीक्षा
पलामू के तीन केंद्रों पर 5 मई को 1552 परीक्षार्थी देंगे नीट ( यू.जी.) 2024 की प्रवेश परीक्षा ।
तीसरी आंख एवं जैमर की निगरानी में होगी परीक्षा –
सिटी कोऑर्डिनेटर, पलामू ।
5 मई 2024 को पलामू जिले के तीन केंद्रों पर देश की अति प्रतिष्ठित परीक्षा नीट ( यू.जी.) 2024 की प्रवेश परीक्षा आयोजित है ।यह परीक्षा एन.टी.ए. जोकि एक स्वायत्त शासी संस्था है, जो भारत सरकार के उच्च शिक्षा मंत्रालय के अधीन है आयोजित कर रही है ।एन.टी.ए. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर 2019 से पूरे देश में नीट (यू.जी.) की परीक्षा आयोजित करती आ रही है । यह परीक्षा पलामू में तीसरी बार आयोजित हो रही है। इस बार यहां तीन केंद्र बने हैं । एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल डालटेनगंज, रोटरी पब्लिक स्कूल चैनपुर , ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल बाईपास रोड रेड़मा को केंद्र बनाया गया है। इन तीनों केंद्रों के सिटी कोऑर्डिनेटर, एम.के.डी.ए.वी.पब्लिक स्कूल डालटेनगंज के प्राचार्य डॉक्टर जी.एन खान को बनाया गया है। इसके अतिरिक्त हर केंद्र पर केंद्राधीक्षक ,पर्यवेक्षक, वीक्षकों के रूप में 140 लोगों को तैनात किया गया है। इनके साथ-साथ सहयोगी कर्मचारियों को ऑनलाइन / ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया जा चुका है एवं परीक्षा संचालन का पूर्वाभ्यास भी किया जा चुका है । हर परीक्षा केंद्र पर एन.टी.ए. द्वारा सी.सी.टी.वी कैमरे एवं जैमर भी लगाए जा चुके हैं। हर केंद्र पर परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय एन.टी.ए द्वारा गठित फ्रिस्किंग टीम उनकी शारीरिक जांच करेगी। इस दल में पुरुष और स्त्री दोनों सदस्य सम्मिलित हैं। परीक्षार्थियों को मेटल डिटेक्टर से भी गुजरना होगा। उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी तथा अभिलेख सत्यापन भी किया जाएगा ।
आवश्यक अभिलेख
पोस्टकार्ड साइज फोटो लगा एन.टी.ए द्वारा जारी प्रवेश पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, भारत सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र जैसे – आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट इत्यादि। तत्पश्चात परीक्षार्थी अपने निर्धारित कक्षा -कक्ष में जा सकेंगे।
वर्जित
किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गजट, स्मार्ट/ सामान्य घड़ी , पेन ड्राइव, स्कैनर, कैलकुलेटर ,माइक्रो फोन, पेजर किसी प्रकार का चिट पूर्जा, टेक्सुअल मटेरियल, ज्यामिति या पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, स्केल, राइटिंग पैड, इरेज़र लौग- टेबल, ,हेल्थ बैंड, वॉलेट, प्लास्टिक आई कार्ड इत्यादि। किसी प्रकार का आभूषण जैसे ईयररिंग, नोज पिन, ब्रेसलेट, चैन, नेकलेस,बैज, ब्रोच इत्यादि लाना वर्जित है।
लाना आवश्यक है ।
प्रवेश पत्र,पानी का पारदर्शी बोतल, अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड इत्यादि।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए सिविल सर्जन / मुख्य चिकित्सा अधिकारी / चिकित्सा अधीक्षक द्वारा निर्गत पी.डब्लयू.डी. सर्टिफिकेट लाना है । इन्हें परीक्षा अवधि में एक घंटा 5 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
तीनों केंद्रों पर परीक्षार्थी संख्या
एम.के. डी.ए.वी.पब्लिक स्कूल डालटेनगंज केंद्र पर कुल 928, रोटरी स्कूल चैनपुर पर 312 और ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल बायपास रोड रेड़मा पर 312 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
आज की प्रशासनिक व्यवस्था
पलामू जिले के सिटी कोऑर्डिनेटर सह एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल डालटेनगंज के प्राचार्य डॉक्टर जी.एन. खान ने बताया कि एन.टी.ए द्वारा निर्गत आदेश के आलोक में उपायुक्त महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदया पलामू से परीक्षा केंद्रों पर कानून एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया गया है । इन केंद्रों पर एस.डी.एम महोदय से दंडाधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया गया है। केंद्र के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी, जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे।
परीक्षार्थियों को केंद्र पर उपलब्ध सुविधाएं
हर केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, ब्लैक बॉल प्वाइंट पेन उपलब्ध होगी । जूते वर्जित होंगे। परीक्षार्थी चप्पलों का उपयोग कर सकते हैं, जिससे यह परीक्षा कदाचार मुक्त, तनाव रहित वातावरण में संपन्न हो सके। पलामू जिले के एन.टी.ए के सिटी कोऑर्डिनेटर सह एम.के. डी.ए. वी पब्लिक स्कूल डालटेनगंज के प्राचार्य डॉक्टर जी.एन. खान ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामना देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
