पिता ने धन-दौलत भले न कमाई हो, लेकिन लोगों का प्यार जरूर कमाया” — सृष्टि के भावुक बोल, झामुमो की बैठक में छलकीं आंखें

पिता ने धन-दौलत भले न कमाई हो, लेकिन लोगों का प्यार जरूर कमाया” — सृष्टि के भावुक बोल, झामुमो की बैठक में छलकीं आंखें

दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद मंगलवार को उत्सव उपवन में झारखंड मुक्ति मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान माहौल उस वक्त बेहद भावुक हो गया, जब सुदिव्य सोनू की बेटी सृष्टि ने नम आंखों से अपने पिता को याद करते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच अपनी बात रखी।
सृष्टि ने कहा कि “पिता ने कुछ कमाया हो या न कमाया हो, लेकिन उन्होंने लोगों को जरूर कमाया है। आज जिस तरह से इतने सारे लोग हमलोगों के साथ खड़े हैं, यह उनके जीवन की सबसे बड़ी कमाई है।”
उनकी इस बात के बाद बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का माहौल भावुक हो गया। सृष्टि ने कहा कि पिता के जाने का दुख परिवार के लिए बेहद बड़ा है, लेकिन जिस तरह से पार्टी के कार्यकर्ता और आम लोग इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े हैं, उससे उन्हें हिम्मत मिल रही है।
बैठक में झामुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के साथ बिताए समय और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। साथ ही संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता बनाए रखने को लेकर भी चर्चा हुई।
सुदिव्य सोनू की बेटी के इन भावुक शब्दों ने बैठक में मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया और यह संदेश दिया कि किसी जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी केवल संपत्ति नहीं, बल्कि लोगों के बीच बनाया गया विश्वास और संबंध होता है।