पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे से संघर्ष की समाप्ति की उम्मीद, संयुक्त राष्ट्र की नजरें भारत पर
पोलैंड की दो दिवसीय यात्रा के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन पहुंचे हैं. पीएम मोदी की यूक्रेन यात्रा पर संयुक्त राष्ट्र की तरफ से बयान आया है. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को उम्मीद है कि भारतीय प्रधानमंत्री की यह यात्रा रूस-यूक्रने युद्ध को रोकने में मददगार साबित होगी. गुरुवार को एक सवाल के जवाब में यूएन चीफ के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने ये बातें कही.
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने कहा कि ‘हमने कई राष्ट्राध्यक्षों को इस क्षेत्र की तरफ यात्रा करते देखा है. हमें उम्मीद है कि ये यात्राएं हमें युद्ध विराम के करीब लाएंगी. यूएन के प्रस्तावों, अंतरराष्ट्रीय कानून और क्षेत्रीय अखंडता के अनुरूप रूस-यूक्रेन संघर्ष का अंत होगा.’ संयुक्त राष्ट्र महासभा ने कम से कम तीन प्रस्तावों में रूसी आक्रमण को रोकने और एक अन्य प्रस्ताव में यूक्रेन के बुनियादी ढांचे पर हमले को रोकने की मांग की है.
