“पचम्बा थाना विजेता, जनप्रतिनिधि 11 रनर-अप”
इंडियाडीह मिशन मैदान, पचम्बा में जनकल्याण समिति के बैनर तले आयोजित सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता का आज फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ।
फाइनल मैच पचम्बा थाना 11 बनाम जनप्रतिनिधि 11 के बीच खेला गया, जिसमें शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पचम्बा थाना की टीम ने ऐतिहासिक जीत हासिल की और प्रतियोगिता की विजेता (विनर) बनी। वहीं जनप्रतिनिधि 11 की टीम को रनर-अप से संतोष करना पड़ा।
तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में समाजसेवी 11 ने मीडिया 11 को पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फाइनल मुकाबले के दौरान कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सहाय, बार एसोसिएशन के महासचिव चुनुकांत, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रियाज अहमद, डॉ. शैलेंद्र चौधरी एवं डीएसपी-1 नीरज सिंह शामिल थे।
इसके अलावा जनकल्याण समिति के अध्यक्ष प्रभात बगड़िया, समिति के सदस्य इरफान आलम, सदानंद वर्मा, मोहम्मद चांद, कैफ गद्दी, पवन कंधवे, प्रखंड अध्यक्ष अनवर अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि मेहताब मिर्जा, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो तथा इंस्पेक्टर मंटू कुमार की उपस्थिति भी रही।
अतिथियों ने विजेता, उपविजेता एवं तीसरे स्थान पर रही टीमों को सम्मानित किया और आयोजन की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

