पाटन में नीलगाय से टकराकर बाइक दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत; वन विभाग ने पीड़ित परिवार को दी सहायता राशि

नीलगाय से बाइक दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल; वन विभाग ने दी सहायता राशि

पाटन (पलामू): पलामू जिले के पाटन प्रखंड अंतर्गत नावा जयपुर थाना क्षेत्र में 23 अक्टूबर 2026 की शाम रेंज ऑफिस के पास नीलगाय से टकराकर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग जख्मी हो गए थे, जिनमें एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

घटना के बाद वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये तथा दोनों घायलों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शेष सहायता राशि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिजनों को उपलब्ध कराई जाएगी।

इस दौरान वन विभाग के कर्मियों के साथ पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक सुरेश मंडल, नावा जयपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एएसआई चंद्रशेखर दुबे सहित वन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रखने की बात कही गई।