पांकी में झारखंड मुक्ति मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, MMDR अधिनियम को ‘काला कानून’ बताकर वापस लेने की मांग

पांकी में झारखंड मुक्ति मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, MMDR अधिनियम को ‘काला कानून’ बताकर वापस लेने की मांग

​पांकी
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पांकी में केंद्र सरकार की नीतियों और हालिया खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR Act) के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
​ विरोध यात्रा की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर चौक से की गई व समापन भगत सिंह चौक पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर किया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर लहराते हुए “MMDR काला कानून वापस लो!” के नारे लगाए। झामुमो का आरोप है कि यह कानून राज्य के खनिज संसाधनों पर झारखंड के अधिकारों को कमजोर करता है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि “झारखंड का खनिज, झारखंड का अधिकार” और “खनिज हमारी धरती का है, फैसला हमारा अधिकार है।” जल, जंगल, जमीन और खनिज पर स्थानीय जनता का अधिकार सुनिश्चित होना चाहिए।
​ प्रदर्शन के दौरान “मोदी हटाओ, देश बचाओ” के पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए, जिसमें केंद्र सरकार पर राज्य के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया गया।
​इस विरोध प्रदर्शन में झामुमो नेता सोनू सिद्दीकी ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और राजस्व पर पहला हक राज्य की जनता का है। केंद्र सरकार यदि राज्यों के अधिकारों का अतिक्रमण करने वाले कानून वापस नहीं लेती है, तो झामुमो का यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप धारण करेगा।
मौके पर कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के बुद्धिजीवी मोर्चा के अध्यक्ष मनोज सिन्हा, सुनील तिवारी, सनी शुक्ला, मोहम्मद इकबाल, सुनील यादव ,सुनील ठाकुर, मंजू देवी सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।