​पांकी में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा नाली निर्माण, पुरानी ईंटों से खड़ी की जा रही नई दीवारें; विभाग ने साधी चुप्पी

​पांकी में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा नाली निर्माण, पुरानी ईंटों से खड़ी की जा रही नई दीवारें; विभाग ने साधी चुप्पी

​पांकी (पलामू): पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत हुरलोंग पंचायत के भरी गांव में नाली निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितता का मामला सामने आया है। सरकारी नियमों को ताक पर रखकर यहाँ नई नाली के निर्माण में धड़ल्ले से पुरानी और क्षतिग्रस्त ईंटों का उपयोग किया जा रहा है।
मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर नई नाली बनाई जा रही है, वहाँ पहले से मौजूद पुरानी नाली को तोड़कर उससे निकली पुरानी ईंटों को ही साफ़ करके नए निर्माण में खपाया जा रहा है। वीडियो एवं तस्वीरें में साफ देखा जा सकता है कि मजदूर पुरानी ईंटों से मिट्टी झाड़कर उन्हें दीवारों में लगा रहे हैं। जब निर्माण कार्य में जुटे मिस्त्री राजकुमार विश्वकर्मा से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि यह पुरानी नाली की ही ईंटें हैं और मुंशी के निर्देश पर इनका उपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण में प्राक्कलन (Estimate) के अनुसार नई और उच्च गुणवत्ता वाली ईंटों का उपयोग किया जाना चाहिए था, लेकिन यहाँ सरकारी राशि के बंदरबांट के चक्कर में गुणवत्ता के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा है। पुरानी और कमजोर ईंटों के इस्तेमाल से नाली की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं, जिससे भविष्य में इसके जल्द ही ध्वस्त होने की आशंका है।
हैरानी की बात यह है कि मुख्य सड़क (हुरलोंग रोड) के किनारे सरेआम हो रहे इस अनियमित कार्य पर संबंधित विभाग और अधिकारियों ने पूरी तरह से चुप्पी साधी हुई है। न तो कोई कनीय अभियंता (JE) और न ही कोई विभागीय अधिकारी स्थल निरीक्षण के लिए पहुँच रहे हैं, जिससे ठेकेदार और मुंशी के हौसले बुलंद हैं।
​ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले की जांच करने और दोषी ठेकेदार व कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके।

इस संबंध में सुड़ी पंचायत के मुखिया ने बताया कि नाली का निर्माण कार्य किस विभाग से किया जा रहा है इसकी उन्हें कोई विशेष जानकारी नहीं है ,कार्यस्थल पर किसी तरह का बोर्ड व शिलापट्ट भी नहीं लगा हुआ है, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ वर्ष पूर्व वहां नाली का निर्माण कार्य किया गया था, ऐसे में पुराने नाली की ईंटों से नए नाली का निर्माण कार्य किया जाना बड़ी लापरवाही है ,उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।